भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पौड़ी शाखा ने चलाया स्वच्छता अभियान-दीपावली तक जारी रहेगा अभियान

 

 

 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली के पर्व को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में मनाने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की पौड़ी जिला शाखा ने कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान शुरू किया है। 31 अक्टूबर से दीपावली तक चलने वाले इस अभियान के तहत साफ-सफाई के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। शाखा सचिव केशर सिंह असवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की जाएगी तथा लोगों को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए,बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष डॉ.अमिता मेहरा,राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत,दीपक खनसूली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।