राज्य
खेड़ा वार्ड में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, 16 सिलेंडर जब्त — हादसे से पहले टूटा खतरनाक नेटवर्क रूद्रपुर। खेड़ा वार्ड नंबर-19 में लंबे समय से चल रहे अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग कारोबार का भंडाफोड़ हो गया है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्ति विभाग व अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम के साथ छापेमारी कर मौके से 16 गैस सिलेंडर जब्त किए।शिकायतकर्ता योगेश उर्फ मिंटू जोहरी ने आवासीय कॉलोनी में घरेलू सिलेंडरों से व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग किए जाने का आरोप लगाया था। बताया गया कि कई घरों में लंबे समय से गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और कारोबार चल रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर छापा मारा गया और खतरनाक गतिविधि को समय रहते रोका गया।सहायक जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी सिलेंडर विभागीय कब्जे में ले लिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आवासीय क्षेत्रों में अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

