राज्य
हनी-ट्रैप से रंगदारी तक: ऊधमसिंहनगर में संगठित गैंग का भंडाफोड़, दो युवतियाँ व एक युवक गिरफ्तारऊधमसिंहनगर पुलिस ने हनी-ट्रैप के ज़रिए युवकों को जाल में फँसाकर रंगदारी वसूलने वाले संगठित गिरोह का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस गिरोह की दो महिला सदस्यों और एक युवक को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवती सोशल मीडिया के माध्यम से युवकों से दोस्ती कर उन्हें गदरपुर बुलाती थी। इसके बाद पूर्व नियोजित साजिश के तहत गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुँचकर पीड़ित के साथ मारपीट, धमकी और अश्लील वीडियो वायरल करने का भय दिखाकर मोटी रकम की रंगदारी वसूलते थे। एक मामले में पीड़ित से ₹40,000 तथा दूसरे में ₹95,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कराए जाने की पुष्टि हुई है।वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जौहर उर्फ महक, राबिया और रोहन के रूप में हुई है, जो रामपुर (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं।पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गिरोह 10 से 12 सदस्यों का संगठित नेटवर्क है, जो अलग-अलग शहरों में इसी तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। मुख्य आरोपी जौहर उर्फ महक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भी जा चुकी है।पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

