सीएम के कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाने के लिए महापौर ने जिला प्रशासन के साथ बनाई रूपरेखा

- जोरदार रोड शो के साथ होगा सीएम धामी का स्वागत
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी 14 फरवरी को प्रस्तावित रुद्रपुर आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन मंथन कर रूपरेखा तैयार की। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री न केवल करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, बल्कि शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी 14 फरवरी को रुद्रपुर की धरा पर पहुंचेंगे। उनके आगमन का मुख्य आकर्षण इंदिरा चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल का लोकार्पण होगा। इसके पश्चात, मुख्यमंत्री एक विशाल रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। यह रोड शो काशीपुर मार्ग और गल्ला मंडी होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगा। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि रोड शो के पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। सीएम धामी का मुख्य कार्यक्रम गांधी पार्क के विशाल प्रांगण में आयोजित होगा। यहाँ वे जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री दस दिवसीय प्रादेशिक सरस मेले का विधिवत शुभारंभ कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। विकास और संस्कृति के इस संगम में शाम के वक्त मुख्यमंत्री विशाल शिव जागरण में भी सम्मिलित होंगे।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, मण्डी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट डायवर्जन और जनसभा के दौरान नागरिकों की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर ने आह्वान किया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा रुद्रपुर के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को एकजुट होकर जुटना होगा।
बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, धीरेन्द्र मिश्रा, दिलजोत बाजवा आदि शामिल थे। सभी ने मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह व्यक्त किया और आयोजन की भव्यता के लिए अपने सुझाव साझा किए।
