एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की जांच को प्रवर्तन टीमों का औचक निरीक्षण अभियान

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संचालित गैस एजेंसियों,प्रतिष्ठानों,होटल-ढाबों तथा पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को जनपद में कुल 37 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें से श्रीनगर क्षेत्र में 2 गैस गोदाम,कोटद्वार में 2 गैस गोदाम व 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों,पौड़ी क्षेत्र में 1 गैस गोदाम,चाकीसैंण क्षेत्र में 1 पेटी डीजल डीलर,सतपुली क्षेत्र में 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्रों में 1 गैस गोदाम व 10 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान संचालकों को स्टॉक एवं वितरण से जुड़े अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी,पूर्ति निरीक्षक सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।
