तीन दिवसीय श्रीनगर दौरे पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,विकास योजनाओं की देंगे सौगात

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत आगामी 22 से 24 मई तक अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर गढ़वाल के तीन दिवसीय व्यापक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीनगर नगर क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्रीय समस्याओं को सुनेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लेंगे। डॉ.धन सिंह रावत का यह दौरा राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान शिक्षा,सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य,पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र और चहुमुखी विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ आमजन से सीधा संवाद भी बेहद आवश्यक है। यही कारण है कि वह लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दे रहे हैं। अपने तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत डॉ.रावत 22 मई को श्रीनगर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंदन एवं नगर पालिका के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही अतिरिक्त कक्षा-कक्ष एवं शौचालय निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अतिरिक्त राजकीय हाईस्कूल श्रीकोट-गंगानाली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण और विज्ञान प्रयोगशाला का शिलान्यास भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। श्रीनगर प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री बार एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अधिवक्ताओं से भी संवाद करेंगे। इसके बाद गंगा विहार,भागीरथीपुरम,उत्तम विहार (मिस्त्री मोहल्ला) सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जहां वह आम जनता से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे। 23 मई को डॉ.रावत राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग लैब एवं अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ करेंगे। शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके बाद वह कोल्ठा गांव में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर खिर्सू-श्रीनगर मोटर मार्ग से कोल्ठा गांव तक स्वीकृत मोटर मार्ग निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मरखोड़ा में कैबिनेट मंत्री राजकीय इंटर कॉलेज मरखोड़ा के इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के तहत निर्मित शौचालयों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा देवलगढ़ में राजस्व चौकी के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों तथा देवलगढ़-चमधार मोटर मार्ग से अंबेडकर गांव चौखाल तक नव निर्मित मोटर मार्ग का लोकार्पण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। चकवाली क्षेत्र में फरासू-मंदोली-चकवाली मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्यों का लोकार्पण कर मंत्री ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में नई सौगात देंगे। इसके बाद कंसमर्दिनीसैंण,तिवारी,ट्रेजरी मोहल्ला और गणेश बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दौरे के अंतिम दिन 24 मई को डॉ.धन सिंह रावत श्रीनगर में अवकाश प्राप्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह खिर्सू क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों एवं टैक्सी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करेंगे। डॉ.रावत के इस दौरे को क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा,नई योजनाओं की शुरुआत और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रीय जनता को भी उम्मीद है कि इस दौरे के माध्यम से कई लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल देखने को मिलेगी।
