पेंशन न्याय यात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल-पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों ने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज से लगाई गुहार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित पेंशन न्याय यात्रा आज ऐतिहासिक रूप से सफल रही। दाना गोल्ज्यू मंदिर से प्रारंभ होकर गोल्ज्यू महाराज मंदिर चितई तक निकाली गई इस यात्रा में प्रदेश भर से आए कर्मचारियों,शिक्षकों,अधिकारियों एवं पेंशन समर्थकों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज के दरबार में पहुंचकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रार्थना की तथा कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए न्याय की गुहार लगाई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने कहा कि पेंशन न्याय यात्रा ने उत्तराखंड के कर्मचारियों की एकजुटता और पुरानी पेंशन के प्रति उनके अटूट संकल्प को प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों को उनका न्यायोचित अधिकार नहीं मिल जाता,तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि कर्मचारियों ने आज न्याय के प्रतीक गोल्ज्यू महाराज के समक्ष अपनी बात रखी है और उन्हें विश्वास है कि कर्मचारियों की इस न्यायपूर्ण मांग को शीघ्र स्वीकार किया जाएगा। प्रदेश महिला अध्यक्षा रानीता विश्वकर्मा एवं मातृ शक्ति प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि सुधा पांडे ने संयुक्त रूप से कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का अधिकार नहीं,बल्कि उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा का आधार है। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति हमेशा न्याय और अधिकार की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाती रही है तथा पुरानी पेंशन बहाली के इस आंदोलन को गांव-गांव और विभाग-दर-विभाग मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने महिला कर्मचारियों एवं कर्मचारी परिवारों से संगठन से जुड़कर इस जनआंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी की ओर से गिरीश पनेरू एवं नरेंद्र पटवाल ने कहा कि पेंशन न्याय यात्रा की सफलता से कुमाऊं मंडल में संगठन को नई मजबूती मिली है। उन्होंने घोषणा की कि कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। गढ़वाल मंडल मंत्री राजीव उनियाल ने कहा कि पेंशन न्याय यात्रा की सफलता ने पूरे प्रदेश के कर्मचारियों में नया उत्साह और विश्वास पैदा किया है। उन्होंने घोषणा की कि गढ़वाल मंडल में शीघ्र ही एक विशाल कर्मचारी सम्मेलन एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे। कुमाऊं मंडल मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के मंडल मंत्री पंकज जोशी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मानजनक जीवन और सेवानिवृत्ति सुरक्षा का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कर्मचारी इस आंदोलन में पूरी मजबूती के साथ सहभागी हैं और कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों में कर्मचारी एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। इस अवसर पर विक्रम सिंह रावत,जसपाल गोसाई,कीर्ति भट्ट,अभिषेक नवानी,राजीव उनियाल,सतीश कुमार,दिनेश सिंह नेगी,जगत फरसावन,संतान रावत,जितेंद्र प्रसाद,रानीता विश्वकर्मा,सुधा पांडे,दयासागर उनियाल,माखनलाल शाह,पूरन फरसावन,चंद्रशेखर मेवाड़,चंद्र मोहन मेवाड़,नरेंद्र पटवाल,गिरीश पनेरू,राकेश रावत,लक्ष्मण सजवान,पंकज जोशी,नर्वदेश्वर बिजल्वाण,शालिनी आर्या,लवी जोशी,गायत्री बिष्ट,ज्योति असवाल,दीपा कांडपाल,कविता आर्या,गीता तिवारी,गीता भाकुनी,अर्चना,कमला,विनीता जोशी,नीमा बोरा,हिमानी,पूनम आर्य,कमलेश बनोला,गोपाल कफलिया,जमन चिलवाल एवं राजू बिष्ट सहित विभिन्न जनपदों से आए अनेक पदाधिकारी,कर्मचारी एवं पेंशन समर्थक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को न्यायसंगत बताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर कर्मचारियों ने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज के समक्ष पुरानी पेंशन बहाली की कामना करते हुए कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
