उत्तरा केयर हॉस्पिटल के त्रिदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 676 लाभार्थियों ने प्राप्त किया स्वास्थ्य लाभ

उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल (ISSA Foundation Unit) द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस शिविर में तीन दिनों के दौरान कुल 676 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के प्रथम दिवस में 204, द्वितीय दिवस में 191 तथा तृतीय एवं अंतिम दिवस में 281 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही रक्तचाप (BP), रक्त शर्करा (RBS), हीमोग्लोबिन (HB) सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार आगे के उपचार हेतु चिकित्सकीय मार्गदर्शन भी दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के अतिरिक्त लोगों को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, नशामुक्त जीवनशैली एवं विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
ISSA Foundation के निदेशक श्री आई.एस. नेगी ने शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
वहीं उत्तरा केयर हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जे.पी. चमोली ने बताया कि अस्पताल जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने शिविर में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
शिविर का संक्षिप्त विवरण
▪️ प्रथम दिवस – 204 लाभार्थी
▪️ द्वितीय दिवस – 191 लाभार्थी
▪️ तृतीय दिवस – 281 लाभार्थी
▪️ कुल लाभार्थी – 676 लाभार्थी
अस्पताल प्रबंधन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
जारीकर्ता :
अमन कुमार
कैंप कोऑर्डिनेटर
उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल
(ISSA Foundation Unit)
