अलकनंदा तट के आईटीआई घाट पर भागीरथी कला संगम ने चलाया स्वच्छता अभियान
श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने रविवार को श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन आईटीआई घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य राजमार्ग से लेकर घाट तक पूरे मार्ग की साफ-सफाई की गई तथा घाट परिसर में वर्षों से फैली गंदगी को हटाकर कई कट्टों में प्लास्टिक की बोतलें,शराब और बीयर की खाली बोतलें सहित अन्य कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया। स्वच्छता अभियान के दौरान संस्था के वरिष्ठ संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल ने कहा कि आईटीआई घाट श्रीनगर की प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों में से एक है। यह घाट वर्षों पूर्व अत्यंत सुंदर और मजबूत ढंग से निर्मित किया गया था,किंतु नियमित रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि इस ऐतिहासिक घाट का शीघ्र जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाए,ताकि इसकी गरिमा पुनः स्थापित हो सके और आने वाली पीढ़ियां भी इस धरोहर से जुड़ सकें। संस्था के निर्देशक मदन गड़ोई ने कहा कि स्वच्छता केवल हाथ में झाडू लेकर कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज में फैली बुराइयों,नशाखोरी,सामाजिक कुरीतियों और नकारात्मक सोच को समाप्त करना भी वास्तविक स्वच्छता का ही स्वरूप है। उन्होंने कहा कि जब समाज भीतर और बाहर दोनों रूपों में स्वच्छ होगा,तभी स्वस्थ,संस्कारित और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि भागीरथी कला संगम समय-समय पर ऐसे सामाजिक,सांस्कृतिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता रहेगा। संस्था का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं,बल्कि सामाजिक मूल्यों,सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी को भी मजबूत करना है। स्वच्छता अभियान में संस्था अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,उपाध्यक्ष मुकेश नौटियाल,संरक्षक दीनबंधु सिंह चौहान,रघुबीर सिंह रावत,भगत सिंह बिष्ट,सह सचिव रवि पुरी सहित संस्था के अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने का संकल्प लिया।
