मन की बात से बूथ तक संगठन को धार-श्रीनगर में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं में भरा नया उत्साह

श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने रविवार को श्रीनगर मंडल के बूथ संख्या-104 पर कार्यकर्ताओं,पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 135 वें एपिसोड को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण,जनभागीदारी,नवाचार,सामाजिक सरोकारों और नागरिक कर्तव्यों पर रखे गए विचारों को कार्यकर्ताओं ने गंभीरता से आत्मसात किया। कार्यक्रम के उपरांत प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए बूथ सशक्तिकरण,संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर),डिजिटल लर्निंग,मतदाता जागरूकता एवं संगठन की विभिन्न योजनाओं पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है,जो बूथ स्तर पर संगठन की विचारधारा और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से दक्ष बनना समय की आवश्यकता है। डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं,बल्कि देशवासियों को सकारात्मक सोच,सामाजिक दायित्व,नवाचार,स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण,आत्मनिर्भरता और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि 135 वें एपिसोड तक पहुंचने के बावजूद इस कार्यक्रम के प्रति जनता का उत्साह लगातार बढ़ रहा है,जो प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक माह इस कार्यक्रम को जनसहभागिता के उत्सव के रूप में आयोजित करती है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने,संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री गणेश भट्ट,महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी,पूर्व जिला अध्यक्ष अनिता बुढाकोटी,प्रेमलाल पांडे,बूथ अध्यक्ष आशीष उनियाल,शुभम प्रभाकर,उज्ज्वल अग्रवाल,हीरालाल जैन,शांति भट्ट,रेनू सुंदरियाल,सुनील गैरोला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
