कौशल विकास गतिविधियों को लेकर बैठक का आयोजन

 

तलवाड़ी-थराली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में हैशटैग बिलीवर फाउंडेशन द्वारा समेकित कौशल विकास केंद्र, जनपद चमोली के अंतर्गत प्रोजेक्ट युवान-2026 के तहत प्रस्तावित कौशल विकास गतिविधियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पारंपरिक शैक्षणिक अध्ययन के साथ रोजगारपरक एवं व्यावहारिक कौशल से जोड़ना तथा उन्हें भविष्य की कार्यक्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा।

 

इस अवसर पर हैशटैग बिलीवर फाउंडेशन की कंचन रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि बदलती तकनीक और एआई के दौर में व्यावहारिक कौशल एवं तकनीकी दक्षता का होना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट युवान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए तीन माह का इवेंट मैनेजमेंट कोर्स संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को आधारभूत स्तर से लेकर ग्राउंड लेवल तक प्रायोगिक कार्य, तकनीकी समाधान, इवेंट प्रबंधन, युवान हाफ मैराथन के आयोजन, उद्यमिता तथा नेतृत्व कौशल सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए आवश्यक दक्षताओं का विकास करना है।

 

प्रभारी प्राचार्य डॉ. नीतू पांडे ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में अध्ययन के साथ कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्र-छात्राओं को वास्तविक कार्य-परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त होगा तथा उनमें व्यावहारिक दक्षता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि तीन माह के इस पाठ्यक्रम से प्रशिक्षित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों के द्वार खुल सकते हैं।

 

कार्यक्रम में प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, तलवाड़ी ग्राम प्रधान दीपा फरस्वाण, ग्वालदम ग्राम प्रधान हेमलता गड़िया, पीटीए के पूर्व अध्यक्ष गोपाल सिंह फरस्वाण एवं कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख राजेश चौहान ने कौशल विकास की आवश्यकता तथा इसके स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाने में योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुधा राना ने किया।

 

इस अवसर पर डॉ. स्मिता तिवारी, रजनीश कुमार, अनुज कुमार, रजनी नेगी, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, पूर्व सैनिक संगठन पिंडर घाटी के सचिव प्रवेंद्र भाकुनी, अनिल नेगी, सुरेंद्र सिंह गड़िया, मनोज कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह, महिला मंगल दल की अध्यक्ष मुन्नी परिहार, वरिष्ठ सहायक थान सिंह, कनिष्ठ सहायक महिपाल सिंह शाह, धीरेंद्र नेगी, नीतीश कुमार, हुकम सिंह रावत, मनोज देवराड़ी, दीपा रावत, गुड्डू सिंह, भास्कर जोशी, मोहित, हिमांशी, खुशी, दीक्षा, ममता, मानसी एवं डॉ. खेमकरण सोमन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पीटीए सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।