– महापौर विकास शर्मा की पहल पर डीएम ने जारी किए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
– संग्रह अमीनों को प्रमाण पत्र जारी करने के लिए किया अधिकृत
रुद्रपुर। पटवारियों की हड़ताल के चलते विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील पहुंच रहे आम लोगों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को हो रही परेशानियों को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने जनहित में पहल की है। उन्होंने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से वार्ता कर इस समस्या का तत्काल समाधान निकालने और प्रमाण पत्र जारी करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। महापौर की पहल पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संग्रह अमीनों को अधिकृत कर दिया है। इससे लंबे समय से प्रमाण पत्रों के इंतजार में परेशान हो रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, पटवारियों की हड़ताल के कारण आय, जाति, स्थायी निवास सहित विभिन्न प्रकार के आवश्यक प्रमाण पत्रों के आवेदन और उनके निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसका सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा था, जिन्हें शिक्षण संस्थानों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाण पत्र जमा करने हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए प्रमाण पत्रों की आवश्यकता वाले आम नागरिक भी परेशान थे। समय पर प्रमाण पत्र नहीं बनने से लोगों के जरूरी काम अटकने की स्थिति पैदा हो गई थी।
जनता की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के समक्ष मामला उठाया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा का खामियाजा आम जनता को नहीं भुगतना चाहिए। विशेषकर विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों के भविष्य एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि पटवारियों की हड़ताल के दौरान प्रमाण पत्र जारी करने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न काटने पड़ें।
महापौर की मांग पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने तत्काल निर्णय लेते हुए प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संग्रह अमीनों को अधिकृत कर दिया। इसके तहत पटवारियों द्वारा तहसीलदार को सौंपे गए आईडी और पासवर्ड संग्रह अमीनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि तात्कालिकता के आधार पर सभी प्रकार के प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
महापौर विकास शर्मा की इस पहल से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रमाण पत्रों के अभाव में प्रभावित हो रहे थे। वहीं आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्रों के लिए इंतजार कर रहे अन्य आवेदकों को भी अब वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से राहत मिल सकेगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रशासनिक कारणों से किसी भी नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रमाण पत्रों के लिए लोगों को परेशानी हो रही थी। जिलाधिकारी से वार्ता कर इसका वैकल्पिक समाधान कराया गया है। संग्रह अमीनों को अधिकृत किए जाने से अब जरूरतमंद लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
