देशी गाय एवं भैंस की नस्लों के पालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला विशेष क्षेत्रीय पुरस्कार, दो लाख रुपये की नकद राशि से होंगे सम्मानित
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जनपद ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म निवासी सागर सिंह रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार–2026 के अंतर्गत देशी गाय एवं भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान की श्रेणी में पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया है। सागर सिंह रावत, योगेंद्र सिंह रावत के पुत्र हैं।
यह सम्मान देशी पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन, उन्नत नस्लों के पालन तथा वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है। उनकी इस उपलब्धि को पशुपालन के क्षेत्र में जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुरस्कार के अंतर्गत सागर सिंह रावत को दो लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाते हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य पशुपालकों को भी देशी पशु नस्लों के संरक्षण, आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक तरीके से डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।
पशुपालन विभाग, ऊधम सिंह नगर एवं विभागीय परिवार ने सागर सिंह रावत को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सागर सिंह रावत की यह उपलब्धि न केवल शक्तिफार्म और ऊधम सिंह नगर, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
