गढ़वाल सभा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न

 

गुरुग्राम, 25 अक्टूबर 2026। गढ़वाल सभा (रजि.), गुरुग्राम की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को श्री बदरीनाथ मंदिर, रवि नगर, गुरुग्राम में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में 100 से अधिक सदस्यों एवं अतिथियों ने भाग लिया। पूरे आयोजन में उत्सव, सौहार्द और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-पाठ, हवन एवं महिला संगीत जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से हुई। समारोह की अध्यक्षता श्री ज्ञान सिंह रावत जी ने की। मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री राव ईश्वर सिंह जी रहे। सभा के वरिष्ठ सदस्य श्री मंशाराम पुरोहित जी, संस्थापक सदस्य एवं शपथ दाता श्री टीका प्रसाद शर्मा जी तथा विशिष्ट अतिथियों श्री केशव दत्त शर्मा जी और श्री नरेंद्र रावत जी (संस्थापक साहित्यिक सचेतना एवं स्वास्तिक मासिक पत्रिका) का सम्मानपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।श्री टीका प्रसाद शर्मा जी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं-

1. श्री नारायण सिंह रावत — अध्यक्ष

2. श्री गंगा सिंह नेगी — उपाध्यक्ष

3. श्री राय सिंह भंडारी — महासचिव

4. श्री जगदीप सिंह रावत — संयुक्त सचिव

5. श्री ईश्वर प्रसाद रतूड़ी — कोषाध्यक्ष

शपथ ग्रहण के पश्चात उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। समारोह में कार्यकारिणी के छह अन्य सदस्यों सहित वरिष्ठजनों एवं महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं अन्य संगठनों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सभी ने सभा की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित लोगों ने नई कार्यकारिणी से अपेक्षा व्यक्त की कि वह आपसी सहयोग, पारदर्शिता और समर्पण के साथ सभा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

गढ़वाल सभा के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया गया कि सभा की स्थापना वर्ष 1964–65 में हुई तथा इसका पंजीकरण वर्ष 1986–87 में कराया गया। सभा की ऐतिहासिक यात्रा में श्री बदरीनाथ मंदिर एवं धर्मशाला का विशेष महत्व है। मंदिर और धर्मशाला सभा की महत्वपूर्ण धरोहर हैं, जो समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का प्रतीक हैं। इन धरोहरों के संरक्षण तथा सभा के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

 

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन सभा के सचिव श्री राय सिंह भंडारी जी ने किया। समारोह के अंत में सभा के संस्थापक सदस्य श्री मोहन सिंह रावत जी ने धन्यवाद अभिभाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, अध्यक्षता कर रहे गणमान्य व्यक्ति, शपथ दाता, विशिष्ट अतिथियों, वरिष्ठजनों, महिलाओं, सभा के सदस्यों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। समारोह का समापन हर्षोल्लास, पारस्परिक सद्भाव और नई कार्यकारिणी के प्रति विश्वास के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी गढ़वाल सभा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करेगी।

 

प्रेषक

नरेंद्र रावत ‘नरेन’

(सदस्य-गढ़वाल सभा गुरुग्राम)