हम अपेक्स बिल्डसिस लिमिटेड सेक्टर -09 प्लॉट – 11 सिडकुल पंतनगर के स्थाई श्रमिकों की पत्नियाँ एवं परिवार की महिलाएँ हैं। पिछले दस वर्षों से हमारा घर बेरोजगारी की आग में जल रहा है। बच्चे भूखे सोते हैं, पढ़ाई छूट जाती है, बीमार होने पर दवा नहीं मिल पाती और घर की इज्जत टूटती जाती है। हम महिलाओं ने इन दस वर्षों में जो यातनाएँ झेली हैं, वे शब्दों में नहीं लिखी जा सकतीं।
एनसीएलटी दिल्ली शाखा के निर्देश पर कारखाने की नीलामी हुई और स्वामित्व-प्रबंधन में श्रमिकों सहित हस्तान्तरण हुआ। प्रबंधन का कहना था कि यूनियन से जुड़े स्थाई श्रमिक जून 2017 में कारखाना बंद होने के समय यहाँ के श्रमिक नहीं थे। इस बिंदु पर निर्णय हेतु तत्कालीन अपर जिलाधिकारी महोदय ने 30 अक्टूबर 2026 को जिलास्तरीय कमेटी की अंतिम वार्ता बुलाई थी। इस वार्ता में सहायक श्रमायुक्त एवं सिविल कोर्ट के विधि परामर्शदाता भी उपस्थित थे।
हमारे अधिवक्ता ने स्पष्ट तथ्य रखे कि जून 2017 में किए गए 102 स्थाई श्रमिकों के नागपुर ट्रांसफर को तत्कालीन उप श्रमायुक्त महोदय, श्रम भवन हल्द्वानी ने अविधिक घोषित कर निरस्त कर दिया था। कारखाना जून 2017 में बंद हुआ, परंतु श्रमिकों ने जुलाई 2017 में भी उसी कारखाने में ड्यूटी दी। जुलाई 2017 का वेतन भुगतान करने का आदेश स्वयं एनसीएलटी की दिल्ली शाखा ने पारित किया, जिससे स्पष्ट है कि मिलबंदी के समय ये 102 स्थाई श्रमिक इसी कारखाने के श्रमिक थे। हम एनसीएलटी के आदेश बदलने की माँग नहीं कर रहे, बल्कि नीलामी की शर्तों को लागू कराने की माँग कर रहे हैं।
30 अक्टूबर की वार्ता में तत्कालीन अपर जिलाधिकारी महोदय, सहायक श्रमायुक्त महोदय एवं विधि परामर्शदाता सभी इस तर्क से सहमत थे। तत्पश्चात् हमसे पत्र देने को कहा गया और कहा गया कि पत्र मिलते ही चार दिन में निर्णायक कार्यवाही होगी।उक्त पीड़ित श्रमिकों ने पत्र हस्तगत भी कर दिया ( कृपया संलग्नक -01 देखें )।परंतु अब आपके पूर्ववर्ती अधिकारी महोदय का स्थानांतरण हो गया है।
महोदया, हम महिलाओं एवं बच्चों की दस वर्ष की पीड़ा अब और सहन नहीं हो सकती। आपसे विनम्र प्रार्थना है कि 30 अक्टूबर 2026 की अंतिम वार्ता की सहमति के आलोक में तत्काल वार्ता बुलाकर नीलामी शर्तों के अनुसार उक्त 102 श्रमिकों की सवेतन कार्यबहाली कराकर हमें न्याय प्रदान करें।
अपेक्स बिल्डसिस लिमिटेड के बेरोजगार स्थाई श्रमिकों की पत्नियाँ एवं परिवार की महिलाएँ गंगा देवी,रेखा देवी, सुनीता, तारावती, रामबेटी, अनीता, भावना जोशी, इसरा देवी, ईसा देवी, किरण, जानकी,अनीता, कांति, राजकुमारी, बिजना देवी, गुंजन, रानी,सीमा आदि उपस्थित रहे
रुद्रपुर, ऊधमसिंह नगर।
