देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विकासखंड हिंडोलाखाल के अंतर्गत स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ के सौंदर्यीकरण कार्य का देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने विधिवत शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 76/2025 के अंतर्गत स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी कार्य पर 98.59 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति और शिलान्यास के साथ ही क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब धरातल पर साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। इस योजना से मंदिर परिसर को नया स्वरूप मिलने के साथ ही क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक,ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। मंदिर परिसर के विकसित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह स्थल धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान स्थापित कर सकता है,जिससे आसपास के क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ का सौंदर्यीकरण क्षेत्र की धार्मिक आस्था,सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट,मंडल अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट,ग्राम प्रधान भगवान सिंह रावत,रोशनी चमोली,छात्र पंचायत से प्रदीप रौथाण,मंदिर समिति अध्यक्ष रमेश चंद,ग्राम प्रधान प्रकाश रावत,दलवीर सजवाण,मेल सिंह एवं सरोज थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। वर्षों से मंदिर के सौंदर्यीकरण की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों ने शिलान्यास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक विनोद कंडारी एवं प्रदेश सरकार का आभार जताया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस कार्य के पूरा होने से प्राचीन सूर्य मंदिर को नई पहचान मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
