श्रीनगर गढ़वाल। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार 18 नवंबर को श्रीनगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग एवं विधिक सेवा से जुड़े प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने तीन विद्यालयों की बसों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों में हलचल मच गई।संयुक्त निरीक्षण अभियान के अंतर्गत रेनबो पब्लिक स्कूल,देवभूमि पब्लिक स्कूल तथा शैमफोर्ड स्कूल की बसों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण करने वाली संयुक्त टीम में एआरटीओ पौड़ी,यातायात निरीक्षक,संभागीय निरीक्षक आरआई,अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे तथा पराविधिक स्वयंसेवक पीएलवी पूनम हटवाल शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान स्कूली बसों में बच्चों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं,आवश्यक उपकरणों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान अधिकांश बसों में सीसीटीवी कैमरे कार्यशील स्थिति में नहीं पाए गए। सुरक्षा व्यवस्था में कमियां सामने आने पर एआरटीओ द्वारा संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। स्कूली बसों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे अपने घरों से विद्यालय और विद्यालय से घर तक सफर करते हैं। ऐसे में बसों में सीसीटीवी कैमरों सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। अधिकांश बसों में सीसीटीवी कैमरों का कार्य नहीं करना बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का विषय है। संयुक्त टीम ने विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कमियों को उजागर किया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यालयी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देना है। प्रशासन की इस कार्रवाई से विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
