समानसून से पूर्व संवेदनशील स्थानों पर राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल संपन्न

सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम से तैयारी का खुद लिया जायजा”
मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए डीएम चंपावत मनीष कुमार के नेतृत्व में चम्पावत प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर जनपद में आज गुरुवार को राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल का जिले के पांच संवेदनशील स्थानों पर अलग-अलग आपदा परिदृश्यों का सफल अभ्यास किया गया। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से पूरे प्रदेश की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।चम्पावत में जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस मेगा मॉक ड्रिल के दौरान शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर, तटीय भू-कटाव, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन, पूर्णागिरि यात्रा मार्ग बाधित होने, बाराकोट में मानव-वन्यजीव संघर्ष और धौन क्षेत्र में सड़क अवरुद्ध होने जैसी काल्पनिक आपदा परिस्थितियां तैयार की गईं। इन सभी स्थानों पर राहत एवं बचाव अभियान, घायलों को प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, राहत शिविरों की स्थापना, भोजन-पेयजल की व्यवस्था और यातायात नियंत्रण का वास्तविक परिस्थितियों की तरह अभ्यास किया गया।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के वक्त विभिन्न विभागों की आपसी समन्वय क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण करना था ताकि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके तथा होने वाले नुकसान को काम किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को मशीनरी, राहत सामग्री, संचार व्यवस्था और मानव संसाधन पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए।मॉक ड्रिल में पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सिंचाई, विद्युत, वन, राजस्व विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और नगर निकायों सहित सभी विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरे अभ्यास में विभागों के बीच बेहतरीन समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चम्पावत प्रशासन मानसून की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।मानसून के दौरान किसी भी आपदा में समय पर राहत और बचाव कार्य ही जन-धन की हानि को कम कर सकता है। ऐसे में चम्पावत में आयोजित यह राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल न केवल विभागों की तैयारियों की परीक्षा रही, बल्कि यह संदेश भी दिया कि प्रशासन हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
