गेम चेंजर योजना बनी शिक्षा क्रांति की आधारशिला,निःशुल्क नोटबुक वितरण से विद्यार्थियों के सपनों को मिली नई उड़ान-डॉ.धन सिंह रावत

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड सरकार की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़,समावेशी एवं छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने सोमवार को श्रीनगर स्थित पी.एम.श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान गेम चेंजर योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर विद्यार्थियों के उत्साह,उमंग और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गेम चेंजर योजना केवल निःशुल्क नोटबुक वितरण तक सीमित नहीं है,बल्कि यह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,अध्ययन के प्रति रुचि और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का मजबूत आधार तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रही है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी समान अवसर मिल सकें। सरकार का प्रयास है कि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरे मनोयोग,अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का परिश्रम ही कल की सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं,बल्कि एक सशक्त,संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों,अनुशासन और सामाजिक दायित्वों को भी अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के उपरांत डॉ.रावत ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर हरित उत्तराखण्ड के संकल्प को भी मजबूत किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी नलिन भट्ट,जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भण्डारी,शिक्षा विभाग के अधिकारी,विद्यालय के प्रधानाचार्य,शिक्षक-शिक्षिकाएं,अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में शिक्षा,पर्यावरण संरक्षण और छात्र हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश पूरे प्रभाव के साथ प्रतिध्वनित होता दिखाई दिया।
