पड़ोसी पर छप्पर में आग लगाने और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने कार्रवाई की लगाई गुहार

बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के बेहटी दहे जागीर निवासी गयादीन ने अपने पड़ोसी पर पुरानी रंजिश के चलते घर में आग लगाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित गयादीन के अनुसार, 14 जुलाई 2026 की रात लगभग 9:30 बजे पड़ोसी चंद्रपाल, उसके भाई अभय और कुमरपाल ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उसके घर पर चढ़ाई कर दी। जान बचाने के लिए वह किसी तरह घर से निकल गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने आरोप लगाया कि चंद्रपाल उसे धमकी देते हुए कह रहा था कि “कब तक बचेगा।”
आरोप है कि उसी रात करीब 12:15 बजे घर के छप्पर में अचानक आग लग गई। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। पीड़ित का दावा है कि उसने चंद्रपाल को अपनी छत पर खड़े देखा, जो कथित रूप से धमकी देते हुए कह रहा था कि “अभी तो आग लगाई है, अभी तुम लोगों को बर्बाद कर दूंगा।”
पीड़ित के अनुसार, आग लगने से घर में रखा लगभग 30 से 35 हजार रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया, जबकि कुछ सामान को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस चंद्रपाल को थाने ले गई, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद से आरोपी और उसके परिजन लगातार परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि उसे, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नोट: यह समाचार पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों और दिए गए प्रार्थना-पत्र के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जानी शेष है।
