मोती मस्जिद के सामने 33 केवी लाइन से हादसे का खतरा, स्थानीय लोगों ने की जांच और मरम्मत की मांग

शेरगढ़ क्षेत्र के कस्बा दुनका स्थित मोती मस्जिद के सामने मानफोल सेठ के बराबर से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बिजली के खंभे के नीचे लंबे समय से कूड़ा-करकट जमा रहता है और उसकी नियमित सफाई नहीं कराई जाती।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति होने पर खंभे से चिंगारियां निकलती दिखाई देती हैं, जिससे आसपास के मकानों और दुकानों में आग लगने या करंट फैलने जैसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी कारण बिजली आने पर लोग सुरक्षा की दृष्टि से खंभे से दूर हट जाते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगभग एक वर्ष से इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है। रात के समय तेज चिंगारियां निकलने की घटनाओं के वीडियो और फोटो भी स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड किए हैं। लोगों का यह भी कहना है कि 33 केवी लाइन के कुछ स्थानों पर तार खुले दिखाई देते हैं, जिन पर सुरक्षा कैप लगाई जानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बिजली के खंभों पर अव्यवस्थित तरीके से तारों का जाल बना हुआ है और कुछ लोग स्वयं खंभों पर चढ़कर तारों में बदलाव कर देते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। लोगों ने मांग की है कि सभी केबलों को सुरक्षित बॉक्स में व्यवस्थित किया जाए तथा केवल अधिकृत बिजली कर्मियों को ही खंभों पर कार्य करने की अनुमति दी जाए। अनधिकृत रूप से खंभों पर चढ़ने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई है।
इस संबंध में मुनीष अंसारी, मुकीम अंसारी, नाजिम, भूरा, नासिर और राहुन सहित कई स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, सफाई और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।
