तहसील दिवस में जनसमस्याओं के समाधान को मिली रफ्तार-लैंसडाउन में सीडीओ ने अधिकारियों को जवाबदेही का सख्त संदेश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनता की समस्याओं का समाधान सरकारी कार्यालयों की फाइलों में नहीं,बल्कि तय समय सीमा के भीतर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। शासन की इसी मंशा को साकार करने के उद्देश्य से मंगलवार को लैंसडाउन तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस जनसुनवाई का प्रभावी मंच बनकर उभरा,जहां अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 27 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं। इनमें लोक निर्माण विभाग,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई),वन विभाग,जल निगम तथा जल संस्थान से जुड़े प्रकरण प्रमुख रहे। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का तत्काल निस्तारण करते हुए शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो,जिससे उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को केवल औपचारिकता न समझा जाए,बल्कि उसे संवेदनशीलता,पारदर्शिता और पूर्ण जवाबदेही के साथ निस्तारित किया जाए। तहसील दिवस में दर्ज प्रत्येक प्रकरण का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं,ताकि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की गुंजाइश न रहे। तहसील दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की अनेक योजनाएं ग्रामीणों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित की जा रही हैं,जिनका लाभ जागरूकता के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणबीर सिंह सजवाण,ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र नेगी,उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य,खंड विकास अधिकारी रवि सैनी,तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल,नायब नाजिर मनोज नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। तहसील दिवस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित,पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं,बल्कि सुशासन और जवाबदेह प्रशासन का सशक्त माध्यम है।
