पौधे लगाने से नहीं-उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने से होगा पर्यावरण का संरक्षण–डॉ.मारिषा पंवार गर्ग

श्रीनगर गढ़वाल। पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है,बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना ही सच्चे अर्थों में प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ पौड़ी इकाई के तत्वावधान में खंदूखाल स्थित एंजेल हेवन पब्लिक स्कूल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों,चिकित्सकों,समाजसेवियों,शिक्षकों,छात्र-छात्राओं एवं मातृशक्ति ने सैकड़ों पौधे रोपकर उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त चिकित्सालय में कार्यरत डॉ.मारिषा पंवार गर्ग ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। मानव सहित समस्त जीव-जंतुओं का अस्तित्व वृक्षों पर निर्भर है,क्योंकि यही हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल पौधारोपण करने की नहीं,बल्कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षण देने की है। यदि हम अपने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे,तभी आने वाली पीढ़ियां स्वच्छ वातावरण,शुद्ध वायु,फल,फूल और हरियाली का सुख प्राप्त कर सकेंगी। वरिष्ठ रंगकर्मी विमल प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को सदैव पूजनीय माना गया है। वृक्ष केवल मानव जीवन ही नहीं,बल्कि समस्त जीव-जगत की जीवनरेखा हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और सीमेंट-कंक्रीट के जंगलों के विस्तार के कारण वृक्षों का अंधाधुंध दोहन हो रहा है,जिसका दुष्परिणाम बढ़ते तापमान,जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। समाजसेवी प्रदीप नागर ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों को जीवित रखने का संकल्प भी लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का दायित्व निभाए तो हरित उत्तराखंड और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या विभा भट्ट ने आश्वासन दिया कि विद्यालय परिसर में लगाए गए सभी पौधों का संरक्षण पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार नियमित रूप से पौधों की देखभाल करेगा और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से भी पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेंगे,बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करेंगे। इस अवसर पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड,प्रसिद्ध रंगकर्मी विमल प्रसाद बहुगुणा,गीता नेगी,शशि देवी,उर्मिला बुटोला,शशि भट्ट,कृति पांडे,बीना रौथाण,मुन्नी कंडारी,रजनी जुगराण,रोशनी देवी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति,विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वृक्षारोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया तथा यह संकल्प दोहराया कि एक पौधा लगाना शुरुआत है,उसे वृक्ष बनाना ही सच्ची पर्यावरण सेवा है।
