मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले विधायक अरविंद पांडे ने किया गदरपुर बस अड्डे का निरीक्षण

गदरपुर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और गदरपुर बस अड्डे के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक अरविंद पांडे शुक्रवार को बस अड्डे पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान रोडवेज के प्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि नए बस अड्डे पर यात्रियों को टिकट बुकिंग, प्रतीक्षालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अब सड़क किनारे बसों के रुकने की व्यवस्था समाप्त होगी और बसों का संचालन व्यवस्थित रूप से नए बस अड्डे से किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक अरविंद पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री 31 जुलाई को गदरपुर पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर अनाज मंडी स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री बस अड्डे का लोकार्पण करने के साथ ही क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
