पंजाबी समाज पर कथित टिप्पणी को लेकर धरना समाप्त, महापंचायत का ऐलान

देहरादून। पंजाबी समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेत्री आकांक्षा नेगी के विरोध में चल रहा कुंवर जपेंद्र सिंह का धरना मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। धरना समाप्त कराने से पहले उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से इस मामले को लेकर प्रदेश स्तरीय महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
महापंचायत के निर्णय के बाद मुख्यमंत्री के समन्वयक दलवीर सिंह दानू धरना स्थल पर पहुंचे और कुंवर जपेंद्र सिंह को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री जीएस आनंद ने कहा कि पंजाबी समाज ने हमेशा जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज और देश की सेवा में योगदान दिया है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष पीएस कोचर ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय कठेरिया ने कहा कि पंजाबी समाज जनकल्याण और आपदा के समय हमेशा सरकार व प्रशासन के साथ मजबूती से खड़ा रहा है।
प्रदेश महामंत्री राज कुमार फुटेला ने कहा कि आकांक्षा नेगी यदि सार्वजनिक रूप से अपनी बात पर खेद व्यक्त कर माफी मांगती हैं तो समाज इस विषय पर सकारात्मक रुख अपना सकता है। उन्होंने कहा कि यदि माफी नहीं मांगी जाती है तो उत्तरांचल पंजाबी महासभा इस प्रकरण को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाएगी।
धरना समाप्त होने के साथ ही संगठन ने आगे की रणनीति के लिए प्रदेश स्तरीय महापंचायत की तैयारी शुरू करने की बात कही।
