नशे में पत्नी और बच्चों से मारपीट करने का आरोप, खटीमा पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

खटीमा। सत्रहमील मझौला चौकी पुलिस ने नशे की हालत में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक खटीमा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को आरोपी की पत्नी सोनी कौर ने चौकी पर पहुंचकर शिकायत दी थी कि उसका पति जोगा सिंह आए दिन नशे की हालत में उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 5 सितंबर को भी जोगा सिंह ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जोगा सिंह को चौकी पर पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस के मुताबिक चौकी परिसर में भी वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने पर आमादा हो गया। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोगा सिंह पुत्र सुरता सिंह निवासी हल्दी फार्म थाना खटीमा जिला ऊधम सिंह नगर उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक किशोर पंत चौकी प्रभारी सत्रहमील मझौला थाना खटीमा हेड कांस्टेबल मनोज कुमार कांस्टेबल उमेश जोशी और कांस्टेबल जगदीश सिंह शामिल रहे।
