पौड़ी में गूंजा टेबल टेनिस का रोमांच-प्रदेशभर के 200 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ों में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में पौड़ी में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। जिला प्रशासन,खेल विभाग एवं जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 200 खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर जिलाधिकारी ने स्वयं भी टेबल टेनिस खेला और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। जिलाधिकारी को अपने बीच खेलता देख खिलाड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रतियोगिता के लिए जिलाधिकारी की पहल पर उच्च गुणवत्ता की छह टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं,जिससे खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। प्रशासन की इस पहल को खिलाड़ियों,प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी बेहद जरूरी है। खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं,बल्कि बच्चों के भीतर अनुशासन,आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता,धैर्य और टीम भावना जैसे गुणों का विकास करता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल इतनी है कि इन प्रतिभाओं को समय रहते पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण,संसाधन और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को परखने और निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं। जिलाधिकारी ने अभिभावकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बचपन से ही प्रोत्साहित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल में कोई हारता नहीं है,कोई सीखता है और कोई जीतता है। हार से मिली सीख खिलाड़ी को अगली चुनौती के लिए और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से जहां स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल रहा है,वहीं बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को भी पौड़ी में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग ने कहा कि टेबल टेनिस को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून के बाहर पहली बार पौड़ी में टीम स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता एवं स्टेट चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पौड़ी में खेलों के लिए बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा,ताकि पहाड़ों की प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव मिल सके और वे राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश डंगवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से पौड़ी में टेबल टेनिस को नई दिशा और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रदेश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता छह से नौ सितंबर तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में अंडर-11,अंडर-13,अंडर-17,अंडर-19 तथा ओपन वर्ग में खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन ओपन एवं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले खेले गए,जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों और अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर खासा रोमांच रहा। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को रैंकिंग सुधारने के साथ-साथ राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। इस अवसर पर उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव प्रिंस विपिन,जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार,जिला खेल अधिकारी देहरादून शेफाली गुरुंग,जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव भारत बिष्ट,खेल विभाग के अधिकारी,प्रशिक्षक,खिलाड़ी,अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
